शनिवार, 5 मई 2018

प्रकृति का बेमिसाल तोहफा - कड़ी पत्ता ; The Amazing Gift of Nature - Curry Leaf






भारतीय खानपान के व्यंजनों में सामग्री के गुणधर्म के साथ साथ स्वाद और सुगंध का बहुत ही महत्व है.....
इसके लिए कई व्यंजनों में "कढ़ी पत्ता", करी पत्ता या मीठा नीम के नाम से जाने जाने वाले ताज़ा हरे पत्ते या इनके पत्तों को सूखाकर तैयार किये गए पावडर को मुख्य रूप से प्रयोग में लाया जाता है.....
इसे मीठा नीम कहा जरूर जाता है और इसकी पत्तियां देखने में नीम की पत्तियों जैसी होती हैं. लेकिन नीम के पेड़ से इसका कोई वास्ता नहीं है, ये दोनों बिलकुल अलग प्रकार की प्रजाति है। 

ताज़ा कढ़ी पत्ते में पायी जाने वाली भीनी महक भूख को जागृत करने का काम करती है... ये महक पत्ते में मौजूद एक प्राकृतिक व स्वास्थवर्धक तेल के कारण होती है... जो कि पत्ता सूखने के साथ साथ फीकी पड़ती जाती है...कढ़ी पत्ता के फूल सफ़ेद रंग के छोटे और ख़ुशबूदार होते हैं, इसमें काले रंग के छोटे फल लगते है. कढ़ी पत्ते के बीज ज़हरीले होते हैं। कुछ लोग कढ़ी पत्ता सब्जी से बाहर निकाल कर रख देते है जबकि इसे खा लेना चाहिए। कढ़ी पत्ता बहुत पौष्टिक होता है. करी पत्ता से प्रोटीन , मैग्नेशियम, कैल्शियम, फॉस्फोरस, आयरन, कॉपर आदि मिलते है, इसके अलावा इससे विटामिन C, विटामिन A, विटामिन B तथा विटामिन E प्राप्त होते है। यही नहीं यह एमिनो एसिड्स, नायसिन, फ्लावोनोइड्स और कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट्स आदि का भी अच्छा स्रोत है। 

करी पत्ता के फ़ायदे:


लीवर शरीर का बहुत महत्त्वपूर्ण हिस्सा है, ये कई प्रकार के काम करता है, हमारे स्वस्थ रहने के लिए लीवर का निरंतर बिना रुके सही तरीके से काम करना बहुत ही जरुरी होता है, करी पत्ता लीवर को सशक्त बनाता है, यह लीवर को बेक्टिरिया तथा वायरल इन्फेक्शन से बचाता है,इसके अलावा यह फ्री रेडिकल्स, हेपेटाइटिस, सिरोसिस आदि कई प्रकार की बीमारियों से लीवर को बचाता है। 


करी पत्ता में पर्याप्त मात्रा में विटामिन A होता है, विटामिन A आँखों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी से रतोंधी नामक बीमारी हो सकती है, आँखों की रौशनी कम हो सकती है और भी बहुत सी परेशानियां हो सकती है। 


करी पत्ते में LDL कोलेस्ट्रॉल कम करने की प्रकृति होती है, LDL कोलेस्ट्रॉल ह्रदय की बीमारियों का कारण होता है, इस तरह करी पत्ता दिल के लिए लाभदायक होता है। 


करी पत्ता बालों की जड़ को मजबूत बनाता है, करी पत्ता की सूखी पत्तियों का पाउडर तिल के तेल या नारियल के तेल में डालकर उबाल लें, ठंडा होने पर छान लें, इससे रात को सिर की मालिश करें, सुबह शेम्पू कर लें, नियमित बालों की जड़ों में इस प्रकार मालिश करने से बाल गिरना बंद हो जाते है, इससे बाल मजबूत, लंबे और चमकदार हो जाते है। 

करी पत्ता में कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट तथा फेनोल्स पाए जाते है, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाते है. करी पत्ता के विशेष तत्व ल्यूकेमिया, प्रोस्टेट कैंसर तथा कोलोरेक्टल कैंसर आदि से बचाव करने में सक्षम पाए गए है, कई प्रकार के विटामिन की मौजूदगी भी ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस तथा फ्री रेडिकल्स के नुकसान से बचाते है। 

करी पत्ता में आयरन तथा फोलिक एसिड दोनों पाए जाते है. फोलिक एसिड आयरन के अवशोषण में मददगार होता है, इस प्रकार करी पत्ता से दुगना फायदा मिलता है, अतः यह खून की कमी दूर करता है। 

कढ़ी पत्ता रक्त में शुगर की मात्रा को कम करता है, इसमें मौजूद फायबर भी शुगर का लेवल सही रखने में मदद करता है, इसके अतिरिक्त यह पाचन को सुधार कर वसा के अवशोषण को ठीक करता है, इस तरह वजन कम करने में और डायबिटीज से बचने के लिए इसका सेवन लाभप्रद होता है। 



कढ़ी पत्ता का प्रयोग किसी भी व्यजंन को बनाते समय शुरुआती तड़के के साथ, व्यंजन के बनने के बाद अलग से लगाये जाने वाले तड़के में भी किया जाता है....

आपको बता दें कि करी पत्ता चटनी बहुत ही स्वादिष्ट होती है, ये चटनी दक्षिण भारत में में बनाई जाती है, चटनी का स्वाद इतना अच्छा होता है,कि आप एक बार बना लेंगे तो इस चटनी को हमेशा ही बनाना पसन्द करेंगे। करी पत्ता चटनी को इडली, डोसा, बड़ा या पकोड़े के साथ खाया जा सकता है। तो आइये आपको इसे बनाने की विधि के बारे में बताते हैं। 
सामग्री :
करी पत्ता - एक कप
कच्चा नारियल - 1/4 कप कद्दूकस किया हुआ
तेल - 1 बड़ा चम्मच
खड़ी हरी मिर्च - 2-3
लाल मिर्च - 2
इमली का पल्प - 2 बड़े चम्मच
गुड़ - 1 बड़ा चम्मच
चने की दाल - 2 चम्मच
उड़द की दाल - 2 चम्मच
राई - 1/2 चम्मच
जीरा - 1/2 चम्मच
हींग - 2 चुटकी
नमक - (स्वादानुसार)
विधि :
करी पता को साफ करके, 2 बार अच्छी तरह पानी से धो लीजिये, पत्तो को छलनी में रखकर पानी सुखा लीजिये, पैन गरम कीजिये और 1 छोटी चम्मच तेल डालिये, तेल गरम होने पर राई डालिये और और जीरा भी डाल दीजिए, राई और जीरा भुनने पर चने की दाल और उड़द की दाल भी डाल दीजिये, दालों को चम्मच से चलाते हुये, मीडियम आँच पर हल्का भूरा होने तक भून लीजिये, लाल मिर्च और हींग भी डाल कर 1/2 मिनिट भून लीजिये, भुने मसाले प्याली में निकाल लीजिये,बचा हुआ तेल भी पैन में डाल दीजिये, तेल गरम होने पर करी पत्त्ता डाल दीजिये और 2 मिनिट लगातार चमचे से चलाते हुये भूनिये , नारियल और हरी मिर्च भी डालकर मिला दें और 1 मिनिट तक भून लीजिये। भुने करी पत्ता और दाल, मसाले सारी चीजें को मिक्सर जार में डाल दीजिये, इमली का पल्प, गुड़ और नमक भी डाल दीजिये, एक चौथाई कप पानी डालकर चटनी को बारीक पीस लीजिये, बहुत ही स्वादिष्ट करी पत्ता चटनी बनकर तैयार है, करी पत्ता चटनी को इडली, डोसा, बड़ा या पकौड़े के साथ परोसिये, खाइये और खिलाइये। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

PLEASE DO NOT ENTER ANY SPAM LINK IN THE COMMENT BOX